दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले दरभंगा जिले के हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के सिरूआ गांव में नकदी बांटने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने एक युवक को पैसे बांटते हुए पकड़ लिया, जिसके पास से लगभग 89,000 रुपये और बीजेपी उम्मीदवार रामचंद्र प्रसाद साह की प्रचार सामग्री बरामद हुई. स्थानीय लोगों ने तुरंत बहेड़ी थाने को सूचना दी, जहां युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

मतदान से ठीक एक पहले बुधवार देर रात को सिरूआ गांव में कुछ संदिग्ध लोग पहुंचे और मतदाताओं को पैसा बांटने की कोशिश करने लगे. स्थानीय ग्रामीणों को भनक लगते ही वे मौके पर पहुंचे और युवक से पूछताछ शुरू कर दी. तलाशी में 89,000 रुपये नकद और रामचंद्र प्रसाद साह के प्रचार से जुड़े पोस्टर व ब्रोशर बरामद हुए. ग्रामीणों के अनुसार, युवक रामचंद्र प्रसाद साह के साले अजय कुमार राय के साथी के रूप में पहचाना गया, जो कुछ लोगों को धन देकर वोट खरीदने की कोशिश कर रहा था. गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर थाने पहुंचा दिया.

बीजेपी उम्मीदवार के करीबी पर आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हायाघाट के विधायक रामचंद्र प्रसाद साह के साले अजय कुमार राय के इशारे पर यह रकम बांटी जा रही थी. पूछताछ में युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और पैसे का स्रोत स्पष्ट करने में असफल रहा.

बीजेपी ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे विपक्षी दलों का षड्यंत्र बताया है, जबकि महागठबंधन ने इसे “चुनावी भ्रष्टाचार” करार देकर जांच की मांग की है.














Be First to Comment