पटना: लोकसभा चुनाव के नतीजों का वक्त करीब आता जा रहा है। इसके साथ ही दावों-प्रतिदावों का दौर भी तेज होता जा रहा है। इस बीच बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने अपनी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है। अखिलेश प्रसाद का कहना है कि बिहार में कांग्रेस पार्टी सात सीटें जीतने जा रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने सहयोगी दलों के लिए भी बड़ी भविष्यवाणी की। अखिलेश प्रसाद के मुताबिक बिहार में आरजेडी को 12 से 13 सीटें और लेफ्ट को 3 से 4 सीटें मिलने वाली हैं।

अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव का एग्जिट पोल भ्रमित करने वाला है। देश में इंडिया गठबंधन को 295 से अधिक सीटें मिल रही हैं। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से काउंटिंग बूथ पर मजबूती से डटे रहने के लिए कहा। इस मौके पर उन्होंने मतदाताओं का धन्यवाद अदा किया। साथ ही विश्वास जताया कि परिणाम हमारे पक्ष में आएगा। अखिलेश प्रसाद ने कहा कि एक तारीख को जो एग्जिट पोल आया वह फॉल्स और फैब्रिकेटेड है। उन्होंने कहा कि हमारे पास जो ग्राउंड रिपोर्ट है, उसके मुताबिक महागठबंधन के उम्मीदवार अधिकांश सीटों पर जीत रहे हैं।


बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ‘चाहे वो खगड़िया की सीट हो, जहां सीपीएम लड़ी है। चाहे काराकाट की सीट हो, जहां माले लड़ी है’। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह राष्ट्रीय जनता दल एक दर्जन सीटों पर आगे है। कांग्रेस के संबंध में अखिलेश प्रसाद ने कहा कि पार्टी से छह से सात सीट जीत रही है। एग्जिट पोल का भ्रम फैलाया जा रहा है। रियल एग्जिट इस सरकार का होने जा रहा है। कल शाम तक पता चलेगा कि गृहमंत्री का एग्जिट है, प्रधानमंत्री का एग्जिट है और उनके मंत्रिमंडल का एग्जिट होने जा रहा है।



अखिलेश प्रसाद ने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक जून को महागठबंधन के सभी महत्वपूर्ण नेताओं को दिल्ली अपने आवास पर बुलाया था। इसमें सभी से फीडबैक लिया गया था। जो फीडबैक है उसके मुताबिक इंडिया गठबंधन को 295 सीटें मिलने वाली हैं। एग्जिट पोल सरकार के प्रभाव में बनाए गए हैं। यह सरकार के इशारे पर तैयार किया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता किसी एग्जिट पोल के बहकावे में नहीं आएं। मतगणना खत्म होने तक काउंटिंग बूथ के बाहर मजबूती से जमे रहे।




















Be First to Comment