पटना: आरजेडी प्रत्याशी और लालू यादव की बेटी रोहिणी के सारण लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद छपरा में हुई जनसभा में तेजस्वी यादव का अलग अंदाज देखने को मिला। जब उन्होन मंच से प्रधानमंत्री मोदी का एक पुराना वीडियो चला दिया। जिसमें पीएम मोदी महंगाई पर बोल रहे थे। जिसके बाद तेजस्वी ने वीडियो में किए गए वादों को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला।

तेजस्वी ने पीएम मोदी की मिमिक्री करते हुए कहा कि मोदी जी वादा किया था। कि मोदी आएगा तो 2 करोड़ बेरोजगार नौजवानों को नौकरी देगा। मोदी आएगा तो काला धन वापस लेकर आएगा, और हर किसी के खाते में 15-15 लाख रुपए डालने का काम करेगा। मोदी आएगा तो किसानों की आय को दोगुना कर देगा। मोदी आएंगे तो सबका पक्का मकान बना देंगे। महंगाई को खत्म कर देंगे। गरीबी खत्म कर देंगे, बिहार को स्पेशल राज्य का दर्जा दे देंगे। स्पेशल पैकेज दे देंगे।

तेजस्वी ने कहा कि आप बताइए बीते 10 सालों में मोदी जी ने सारण के लिए क्या किया है। सारण में जो भी विकास हुआ है, हाइवे बने फ्लाईओवर बने। सब हमारे सरकार में रहते बने। मोदी जी सिर्फ झूठ बोलते हैं। बीजेपी का मतलब है बड़का झूठा पार्टी। मोदी जी इतना बढ़िया झूठ बोलते हैं कि गोबर को भी हलवा बनाकर परोस दें।

तेजस्वी यादव लगातार अपनी रैलियों में जमकर बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं। इससे पहले हाजीपुर की रैली में तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में और वर्ष 2019 में तमाम वादे किये पर उन्हें पूरा नहीं कर सके। पीएम मोदी कहते हैं कि 40 सीट जीत रहे हैं। इसका मतलब है, उनकी जुबान फिसल गई है। वह यह कहना चाह रहे हैं कि बिहार की 40 सीट हार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को सौ दिन में काला धन लाने, और 2022 तक किसानों की आय दोगुनी कर देने के वादे पर जवाब देना होगा। प्रधानमंत्री ने यह भी वादा किया था कि हर साल दो करोड़ नौकरी या रोज़गार देंगे, हर एक परिवार को पक्का घर देंगे, 15-15 लाख खाते में मिलेगा, यह सब जुमलेबाजी नहीं तो और क्या है।













Be First to Comment