पटना: बिहार में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 19 अप्रैल को होना है। इस दिन प्रदेश में लू जैसे हालात रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सूबे में 18 और 19 अप्रैल को गर्म और असुविधाजनक मौसम की स्थिति बने रहने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही गर्म पछुआ हवा भी चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं मंगलवार से शुक्रवार तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। प्रथम चरण में प्रदेश के जमुई, औरंगाबाद, गया और नवादा लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है। इन लोकसभा क्षेत्र में लू जैसे हालात बनने पर मतदान प्रतिशत में कमी आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, जिस कारण लोगों को तपिश भरी गर्मी का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे गर्म जिला 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ से शेखपुरा रहा। वहीं प्रदेश के 9 शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा।
उधर राज्य में अधिक गर्मी और लू के प्रकोप को लेकर राज्य सरकार ने अलर्ट जारी करते हुए सभी विभागों को तैयार रहने को कहा है। मुख्य सचिव ने सोमवार को संभावित स्थिति की समीक्षा की और आपदा प्रबंधन समूह की बैठक की। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को भीषण गर्मी और लू से निपटने के लिए तैयार रहने और आवश्यक पूर्व तैयारी कर लेने का आदेश दिया।
बैठक में जल संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग, कृषि विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पशु मत्स्य संसाधन के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव व सचिव शामिल हुए। भारत मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक ने अगले 15 दिनों में सामान्य से अधिक तापमान रहने आशंका जताई है। इसके मद्देनजर पशुओं के पेयजल और पर्याप्त चारा को लेकर जानकारी दी गयी है।


Be First to Comment