पटना: लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश के फूलपुर से चुनाव लड़ने की अटकलों पर राजनीति तेज हो गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नीतीश के करीब रह चुके बीजेपी नेता आरसीपी सिंह ने इस पर तंज कसा है। आरसीपी ने मंगलवार को कहा कि नीतीश कुमार से बिहार नहीं संभल रहा है और इनके आसपास घुमने वाले चाटुकार यूपी से चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार को यूपी से उलटे पांव वापस आना पड़ेगा।
बीजेपी नेता आरसीपी सिंह ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश के आसपास रहने वाले कुछ ‘चाटूकार’ लोग हैं वे उनसे यूपी जाने के लिए कह रहे हैं। सीएम से बिहार नहीं संभल रहा है, यहां की जमीन खिसक गई है। मगर उत्तर प्रदेश से उन्हें उलटे पांव आना पड़ेगा।
आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश बाबू ने यूपी के पटेल समाज के लिए कोई काम नहीं किया। इस समाज से बिहार में यूपी का एक ही आईएएस अफसर था, उसकी भी संपत्ति जब्त करवा दी गई। अब वे क्या मॉडल लेकर यूपी जाएंगे। उत्तर प्रदेश में कितने उद्योग धंधे लग रहे हैं। इसके उलट बिहार में अपरा’ध चरम पर है। उन्होंने कहा कि अभी नीतीश कुमार नालंदा गए, इसी दौरान कितने ही मर्डर हो गए।
आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उनकी राजनीति गैर-कांग्रेसी थी। लालू यादव की आरजेडी की भी यही राजनीति थी। ये लोग खुद को राममनोहर लोहिया को अनुयायी बताते हैं। मगर आज कांग्रेस के साथ चले गए। नीतीश कुमार के निर्णय ऐसे-ऐसे रहे, जिनका कोई मतलब नहीं है। आरसीपी सिंह ने कहा कि बिहार आज जहां खड़ा है, वहां नहीं रहना चाहिए। इतने साल हो गए, राज्य की प्रति व्यक्ति आय सबसे कम है। मजदूरों की आमदनी नहीं बढ़ रही है।
Be First to Comment