Press "Enter" to skip to content

रथयात्रा से पहले झाड़ू लगाएंगे सीएम सम्राट चौधरी, फिर भगवान जगन्नाथ के रथ को दिखाएंगे हरी झंडी; पटना में आज भव्य आयोजन

राजधानी पटना गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर नजर आएगी। शहर के विभिन्न धार्मिक संस्थानों की ओर से भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्राएं निकाली जाएंगी। इस दौरान हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। रथयात्रा को लेकर प्रशासन और आयोजकों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सबसे प्रमुख रथयात्रा बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के तत्वावधान में गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने बताया कि रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार रथयात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना करेंगे।

इस धार्मिक आयोजन में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

तीनों प्रमुख रथयात्राओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए धार्मिक आयोजन में भाग लें। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर राजधानी पटना में उत्साह का माहौल है। हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन और रथ खींचने के लिए सुबह से ही मंदिरों में पहुंचेंगे। धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का यह महापर्व एक बार फिर राजधानी को आध्यात्मिक रंग में रंगने के लिए तैयार है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *