बिहार की राजधानी पटना में बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद स्काउट एंड गाइड मैदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, मंत्री विजय सिन्हा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार के समर्थन में वोट मांगा और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे लोग भी बिहार में वोट मांगने आएंगे, जिन्हें बिहार की जनता और राज्य के विकास से कोई लेना-देना नहीं है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता सब कुछ समझती है और जानती है कि किसने राज्य के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ चुनाव के समय बिहार आते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन उनका राज्य की समस्याओं या विकास से कोई वास्तविक सरोकार नहीं होता। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है और जनता विकास के आधार पर अपना फैसला करेगी। हालांकि मुख्यमंत्री ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर सीधा हमला माना जा रहा है, जो इन दिनों बिहार में लगातार जनसभाएं और राजनीतिक कार्यक्रम कर रहे हैं।













Be First to Comment