बिहार : हाड़ कंपाने वाली ठंड झेल बिहार में अगले 5 दिन और मुश्किल भरे रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर तक राज्य में भयंकर ठंड के आसार जताए हैं। इस दौरान पटना से गयाजी, मोतिहारी, पूर्णिया, किशनगंज तक कोल्ड वेव और घना कोहरा का ऑरेंज एवं येलो अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटे के भीतर दक्षिण बिहार के जिलों में ज्यादा ठंडक महसूस हुई। नालंदा जिले के राजगीर में सबसे कम 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के हालिया पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को 11 जिलों में घना कोहरा और शीत दिवस (कोल्ड डे) का ऑरेंज अलर्ट है। इनमें पश्चिम चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सीवान, सारण (छपरा), वैशाली (हाजीपुर), समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर और सीतामढ़ी जिले शामिल हैं। इस दौरान, पटना, भोजपुर (आरा), बक्सर, रोहतास (सासाराम), कैमूर (भभुआ), औरंगाबाद, अरवल, गयाजी, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, नवादा और बेगूसराय जिले में भी कोहरे और ठंड का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

24 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड, भारी रहेंगे 3 दिन
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बिहार में 24 दिसंबर से ठंड में तेजी से बढ़ोतरी होगी। 24 से 26 दिसंबर तक तीन दिन लोगों को काफी परेशानी हो सकती है।

इस दौरान पूरे बिहार में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। मौसम विभाग ने आगामी बुधवार से शुक्रवार तक चंपारण, मिथिला, सारण, पटना, शाहाबाद और मगध क्षेत्र में घने कोहरे एवं कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किय है। वहीं, कोसी, सीमांचल एवं पूर्वी बिहार में येलो अलर्ट है। 27 दिसंबर से भयंकर ठंड से राहत मिलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि बीते 24 घंटे के भीतर दक्षिण बिहार में अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। राजगीर में 6.6, शेखपुरा में 9.4, जहानाबाद में 8.3, गयाजी में 7, अरवल में 8 और रोहतास के डेहरी में 7.6 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। पटना में रात का तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान राज्य में अधिकतर जगहों पर 20 डिग्री से नीचे रहा, जिससे दिन के समय भी भयंकर ठंड महसूस की गई।














Be First to Comment