सीवान: बिहार के सिवान से बड़ी खबर सामने आ रही है. B SAP (बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस) के जवान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. इस घटना में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना शुक्रवार की रात की बतायी जा रही है.

छापेमारी करने गयी थी टीम
इस घटना के बारे में सिवान पुलिस में तैनात एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि सिवान सहायक सराय थाना के एएसआई अपनी पुलिस पार्टी के साथ छोटपुर गांव निवासी जाकिर साईं के यहां शराब के खिलाफ छापेमारी करने गए थे.

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
छोटपुर गांव में पुलिस टीम ने एक गाड़ी का पीछा किया. पीछा करने के दौरान अचानक से मोड़ के पास उक्त वाहन गायब हो गया. इसके बाद टीम कुछ देर इंतजार करने के बाद लौटने वाली थी, लेकिन इसी दौरान एक अज्ञात वाहन तेज रफ्तार में आयी और B SAP के जवान को टक्कर मार दी.

इलाज के दौरान मौत
टक्कर मारकर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. इस घटना में जवान मधुप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया पुलिस के मुताबिक कुछ समय तक डॉक्टर ने उनका इलाज किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उनकी मौत हो गयी.

पुलिस महकमे में शोक
इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौर गयी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसडीपीओ ने घटना की जांच कर कार्रवाई की बात कही. उन्होंने कहा कि वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है. फिलहाल मृत जवान के शव को पोस्टमार्टम कराया गया है. आगे की प्रक्रिया अपनायी जा रही है.

पहले भी हो चुकी है घटना
छापेमारी के दौरान यह पहली घटना नहीं है. बीते 18 नवंबर को भी बालू माफिया ने पुलिस के दो जवानों को गाड़ी से रौंद दिया था. इस घटना में एक जवान की मौत हो गयी थी. खनन विभाग की टीम पटना के पालीगंज अनुमंडल में छापेमारी करने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान बी सैप के जवान को स्कॉर्पियों ने रौंद दिया था.














Be First to Comment