गया: बिहार के गया जी में रसगुल्ले के कारण शादी टूट गई. शादी भी उस मोड़ पर टूटी, जब सब कुछ अंतिम चरण में था. वरमाला भी हो चुकी थी. वरमाला के बाद लोग भोजन करने गए, तो रसगुल्ला कम पड़ गया. रसगुल्ला कम पड़ा तो गुस्साए लोग कुर्सियां तोड़ने और फेंकने लगे. प्लेट गिलास भी फेंकने लगे. इस दौरान दूल्हा-दुल्हन दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हो गई. फिर आखिरकार शादी टूट गई.

आपस में भिड़े दूल्हा और दुल्हन पक्ष
फिलहाल इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बाराती और साराती आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं. कुर्सियां तोड़ रहे हैं और एक दूसरे पर हाथ छोड़ रहे हैं. सामानों को बिखेर रहे हैं. मामला इतना बढ़ा था, कि कई लोग इस घटना में घायल भी हुए हैं.
दुल्हन के पिता का बयान
दुल्हन के पिता के पिता सुरेश प्रसाद का कहना है कि बोधगया के हथियावां निवासी पवन कुमार के साथ मेरी बेटी की शादी तय हुई थी. 29 नवंबर को बकरौर स्थित होटल में हम लोग आए थे. हम लोग अतरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. बोधगया में ही एक होटल ठीक कर शादी होनी थी.

दहेज को लेकर केस भी दर्ज
लड़की पक्ष का आरोप है कि उन्हें सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया. दहेज में 2 लाख की डिमांड के कारण शादी टूटी है. इसके बाद दहेज की मांग को लेकर दुल्हन पक्ष के द्वारा बोधगया थाने में दूल्हे पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं, दहेज और मांगने को लेकर शादी भी टूट गई.
दूल्हा पक्ष का आरोप
इस मामले को लेकर दूल्हा पक्ष का कहना है, कि भोजन में रसगुल्ला कम पड़ गया, जिसके बाद दुल्हन पक्ष के लोग उग्र हो गए और कुर्सियां तोड़ने लगे. सारे सामान इधर-उधर फेंकने लगे और मारपीट करने लगे. इसके बाद दोनों ओर से मारपीट की घटना शुरू हो गई. घटना का कारण सिर्फ रसगुल्ला की कमी ही है, अन्य आरोप गलत है.

‘दहेज की मांग का आरोप गलत’
दूल्हा पक्ष का कहना है, कि दहेज की मांग को लेकर जो आरोप लगाए गए हैं, वह गलत है. सच्चाई यह है, कि भोजन में रसगुल्ला कम पड़ जाने से बवाल शुरू हो गया. दुल्हन पक्ष के लोगों ने बवाल किया और फिर मारपीट करनी शुरू कर दी. शादी की लगभग सारी रस्में पूरी हो चुकी थी. कुछ और रस्म और फेरे लेने बाकी थे. दूल्हा पक्ष अब भी शादी करने को राजी है, लेकिन दुल्हन पक्ष तैयार नहीं हो रहा है.

घटना का वीडियो आया सामने
घटना बीते 29 नवंबर को हुई थी, इसका वीडियो भी सामने आया है. बताया जाता है, कि बोधगया के एक होटल में यह शादी हो रही थी. जानकारी के अनुसार बोधगया थाना के हथियावां गांव निवासी पवन कुमार पिता महेंद्र प्रसाद के साथ अतरी थाना क्षेत्र के सुरेश प्रसाद की पुत्री कविता कुमारी की शादी होनी थी.

बोधगया के बकरौर स्थित होटल में दूल्हे पक्ष के द्वारा सारी व्यवस्था की गई थी. दुल्हन पक्ष के लोग बकरौर स्थित होटल में पहुंच गए थे. वहीं, हथियावां गांव से बारात लेकर दूल्हे पक्ष के लोग भी होटल को पहुंचे थे.














Be First to Comment