पटना : पटना से पूर्णिया के बीच प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को कटिहार तक विस्तार करने की मांग उठी है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। तारकिशोर ने इस एक्सप्रेसवे को कटिहार तक जोड़ने का आग्रह करते हुए केंद्रीय मंत्री को पत्र दिया। यह मुलाकात नई दिल्ली स्थित संसद कक्ष में हुई। पूर्व डिप्टी सीएम ने बताया कि यह मुलाकात काफी सार्थक रही। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को कटिहार से जोड़ने के लिए महज 5-6 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी। इसे कटिहार तक विस्तारित करने से मनिहारी एवं पड़ोसी राज्य झारखंड स्थित साहेबगंज के बीच गंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल होते हुए संपर्कता मिलेगी। ऐसा होने से पूर्वोत्तर भारत समेत बिहार एवं झारखंड के करोड़ों लोग लाभान्वित होंगे।


बता दें, कि पटना से पूर्णिया के बीच 282 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाना है। यह रोड पटना के दिघवारा से शुरू होगा और पूर्णिया के पास डगरूआ में खत्म होगा। यह वैशाली, सारण, सहरसा, दरभंगा जैसे प्रमुख जिलों से होकर गुजरेगा। पहले इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 250 किलोमीटर रखी गई थी, लेकिन बाद में बढ़ाकर 282 किलोमीटर कर दी गई थी।
















Be First to Comment