Press "Enter" to skip to content

बिहार में सुबह के वक्त कोहरे का दौर…, दिन में तापमान में गिरावट तो रात में बढ़ोतरी

पटना : बिहार में अभी कड़ाके की ठंड नहीं है। दिन और रात के वक्त हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। गुरुवार की सुबह राज्य के कई इलाकों में कोहरा नजर आया। शनिवार से दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को रात के तापमान में मामूली गिरावट आने के आसार हैं। वहीं अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद से न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

बुधवार को पटना सहित प्रदेश के 29 शहरों के न्यूनतम और 22 के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। 10 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास जिले का डेहरी सबसे ठंडा और 29.6 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद सबसे गर्म रहा। एक सप्ताह के बाद प्रदेश का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंचा है। 27 नवंबर को अररिया का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

पटना का अधिकतम और न्यूनतम पारा चढ़ा बुधवार को पटना के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। हालांकि सुबह के समय हल्के स्तर का कोहरा था। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे आसमान साफ होता गया। न्यूनतम तापमान में 0.4 और अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बिहार में यूं तो अभी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है लेकिन जल्द ही बिहार में ठंड बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि कटिहार, मधेपुरा, वैशाली, बक्सर, कैमूर, भागलपुर, जहानाबाद, वैशाली, पटना, मुजफ्फरपुर और दरभंगा समेत कुछ जिलों में कोहरे का दौर जारी रहेगा।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *