Press "Enter" to skip to content

दाना चक्रवात को लेकर बिहार में अलर्ट, तीन दिन आंधी-तूफान और बारिश के आसार

पश्चिम बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान दाना (Dana) को लेकर बिहार में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर पूर्वी बिहार के जिलों में तेज हवाओं (आंधी) के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बांका, जमुई और भागलपुर जिले में गुरुवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। दाना चक्रवात का असर राज्य में 26 अक्टूबर तक देखने को मिलेगा। शुक्रवार को भी पूर्वी एवं दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार हैं।

सावधान! दाना चक्रवात को लेकर बिहार में अलर्ट, तीन दिन आंधी-तूफान और बारिश के आसार

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दाना चक्रवात के गुरुवार देर रात या शुक्रवार अहले सुबह तक ओडिशा के तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा की होगी। यह चक्रवाती तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। हालांकि, बिहार में इतना भयानक असर नहीं दिखेगा। ओडिशा के तट से टकराने के बाद बिहार के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में आंधी और तूफान के साथ बारिश की प्रबल संभावना नजर आ रही है। शुक्रवार शाम से चक्रवात का असर कम होने लगेगा।

पटना मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने खराब मौसम में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिजली चमकने या गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई देने पर किसान और अन्य नागरिक पक्के घरों की शरण लें। खराब मौसम में पेड़ों के नीचे आश्रय न लें, क्योंकि ये बिजली के सुचालक होते हैं और ठनका गिरने पर जान जाने का खतरा बना रहता है। मौसम खराब होने पर खेतों में काम न करें।

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *