पटना : बिहार के पूर्णिया में डिफेंस कॉरिडोर बनाने की मांग उठ रही है। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर रक्षा औद्योगिक गलियारा स्थापित करने का आग्रह किया। पप्पू यादव ने बताया कि इस महत्वपूर्ण चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री ने सांसद उनके अनुरोध पर सहमति जताते हुए इस मुद्दे को कैबिनेट में उठाने का आश्वासन दिया। मांग पूरी की जाती है तो इलाके के लिए ऐतिहासिक काम होगा।


सांसद ने रक्षा मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा और बताया कि पूर्णिया में भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण बेस पहले से मौजूद है, जिसे पूर्णिया हवाई अड्डा या चुनापूर हवाई अड्डा के रूप में जाना जाता है। यह बेस चीन-भारत युद्ध के दौरान भारतीय सेना को आपूर्ति पहुँचाने के लिए स्थापित किया गया था और अब यह उत्तर-पूर्व कॉरिडोर के क्षेत्र में एक बैकअप के रूप में कार्य करता है। सांसद ने यह भी बताया कि पूर्णिया की रणनीतिक स्थिति इसे नेपाल, बांग्लादेश और भूटान के निकट होने के कारण एक अत्यंत महत्वपूर्ण बनाती है।

सांसद पप्पू यादव ने बताया कि पूर्णिया में पर्याप्त भूमि की उपलब्धता और पर्यावरणीय अनुकूलता इसे रक्षा कॉरिडोर स्थापित करने के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है। पर्यावरण के दृष्टिकोण से पूर्णिया को देश का दूसरा दार्जिलिंग कहा जाता है, जिससे इसकी उपयुक्तता और भी बढ़ जाती है। यह पहल न केवल बिहार के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि देश की रक्षा और सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

सांसद पप्पू यादव ने अपने चुनाव के संकल्प में भी पूर्णिया एयरपोर्ट से यात्री सेवा शुरू कराने की मांग के साथ इसे शामिल किया था। अपने अब तक के तीन महीने कार्यकाल में उन्होंने सदन में पूर्णिया के विकास के मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं।
















Be First to Comment