पटना: बिहार मॉनसून की गतिविधियों में बुधवार से बढ़ोतरी होगी। उत्तर बिहार के कई इलाकों में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को तीन जिलों में अति भारी बारिश और अन्य तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दक्षिण बिहार में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। पटना, गया समेत आसपास के जिलों में आंधी और वज्रपात से हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की चेतावनी जारी की गई है।


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे बिहार में बुधवार को ठनका गिरने का अलर्ट है। इस दौरान कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और सीतामढ़ी जिले के कुछ इलाकों में अति भारी बारिश की चेतावनी है। गोपालगंज, मधुबनी और सुपौल में भी भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीवान, सारण, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिले में भी झमाझम बरसात होने की संभावना है।


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पटना समेत दक्षिण बिहार के अधिकतर जिलों में मंगलवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तेज हवा चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से हल्की राहत मिलने की संभावना है। कुछ जगहों पर मौसम बिगड़ने की वजह से वज्रपात का खतरा बना रहेगा। ऐसे में लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।



कोसी और सीमांचल क्षेत्र में बुधवार से बारिश संबंधी गतिविधियों में कमी आएगी। दो दिन बीच में मॉनसून कमजोर होगा। इसके बाद इसके दक्षिण बिहार की ओर शिफ्ट होने का अनुमान है। 29 जून से पटना, गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, भोजपुर, नवादा, जमुई, भागलपुर, बेगूसराय समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।














Be First to Comment