पटना: बिहार सरकार जमीन निबंधन में आने वाली परेशानी को देखते हुए निबंधन पोर्टल में कई अहम बदलाव करने जा रही है। अब लोग जमीन निबंधन के लिए चालान घर बैठे जमा कर सकेंगे। साथ ही टोकन भी घर से ही ले सकेंगे। इस प्रक्रिया के लिए अब निबंधन कार्यालय का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे जुड़ी तमाम प्रक्रिया ऑनलाइन होने के साथ ही इतनी सरल हो जाएगी कि कोई भी इसका लाभ खुद प्राप्त कर सकता है।


निबंधन विभाग अपनी वेबसाइट में कई सुविधाएं लोगों को मुहैया कराने जा रहा है। विभागीय स्तर पर अंतिम दौर का परीक्षण चल रहा है। लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर कुछ बदलाव भी किए जा रहे हैं। विभाग की तैयारी है कि अगले माह से ये सुविधाएं लोगों को मिलने लगे। निबंधन विभाग की वेबसाइट में नए बदलाव होने और इसकी क्षमता बढ़ाने से लोगों को निबंधन कार्य में कम समय लगेंगे। अभी टोकन नंबर में एक सप्ताह या इससे अधिक की भी वेटिंग मिलती है। वेटिंग की फेहरिस्त छोटी हो जाएगी।


जमीन से लेकर अन्य किसी तरह के निबंधन के लिए संबंधित वेबसाइट पर विवरण भरने पर लगने वाले शुल्क की जानकारी मिल जाएगी। इसके आधार पर ऑनलाइन माध्यम से किसी पेमेंट गेट-वे की मदद से चालान जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही टोकन नंबर मिल जाएगा, जिसमें निबंधन की तारीख और समय लिखा होगा। इसके बाद आवंटित समय पर निबंधन कार्यालय पहुंच कर संबंधित व्यक्ति को सिर्फ अपनी बॉयोमेट्रिक देनी होगी और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना होगा। इससे पहले सभी दस्तावेजों का मिलान व्यक्ति के वास्तविक पहचान-पत्र से किया जाएगा।

निबंधन की नई वेबसाइट अधिक सुविधाजनक और तेज गति से काम करेगी। एक साथ कई तरह के आवेदन किए जा सकेंगे या कई एप्लिकेशन का उपयोग हो सकेगा। इसकी क्षमता पहले से कई गुना बढ़ाई जा रही है।





















Be First to Comment