पटना: बिहार में पांच मई से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। आसमान में बादल छाएंगे और राज्य के एक-दो जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त पुरवा हवा आने के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। वहीं राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर शहरों में 6, 7 एवं 8 मई को बारिश की संभावना है। गुरुवार को पटना सहित 28 शहरों का अधिकतम और 19 का न्यूनतम तापमान गिरा।

पटना का अधिकतम तापमान में 2.4 और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। जबकि 30 अप्रैल को प्रदेश का अधिकतम तापमान 44. 9 और पटना का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस था। पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी का प्रभाव प्रदेश में पढ़ने के कारण गर्मी से लोगों को राहत मिली।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुपौल व अररिया में भीषण गर्मी का ऑरेंज और भागलपुर, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, खगड़िया व बांका में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। इधर, पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर-पछुआ हवा की गर्माहट में काफी कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसके प्रभाव से ही पिछले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में चार से पांच और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में उत्तर-पछुआ हवा का प्रवाह प्रदेश में लगातार जारी है। लेकिन बुधवार से झुलसाने वाली गर्मी में कुछ हद तक कमी आई है। शुक्रवार को भी उत्तर पछुआ हवा में गर्माहट नहीं रहेगी। लेकिन 4 मई को एक बार फिर उत्तर-पछुआ हवा में गर्माहट बढ़ सकती है। लेकिन 5 मई की शाम से हवा का रुख बदलने से एक बार फिर राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग के राडार और उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों व विश्लेषण के अनुसार इस माह लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहेगी। इसके साथ ही अधिकतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। मई 2023 में प्रदेश के अलग-अलग शहरों में 8 दिनों तक लू चली थी। इस बार लू वाले दिनों की संख्या ज्यादा रह सकती है। हालांकि पूरे माह न्यूनतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है। मई बारिश भी सामान्य या सामान्य से कम होने की संभावना है। वहीं पटना का अधिकतम और न्यूनतम पारा गिरने के कारण लोगों ने राहत महसूस किया।

















Be First to Comment