पटना में दुर्गा पूजा की तैयारी तेज हो गयी है। दुर्गा उत्सव को लेकर बाजार में उत्साह का माहौल है। बाजार सज चुके हैं और जगह-जगह माता की मूर्ति का निर्माण शुरू हो गया है। कई समिति के लोग पूजा की थीम पर चर्चा कर रहे हैं, तो कई चौक-चौराहों पर पंडालों का काम भी आरंभ हो गया है। राजधानी में जगह-जगह भव्य और आकर्षक पंडाल बनाए जा रहे हैं।
आनंदपुरी स्थित श्री विजय वाहिनी दुर्गा पूजा समिति की ओर से लाखों की लागत से दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. यहां इंडियन आर्मी कारगिल पहाड़ पर मोर्चा संभालती नजर आएगी। इस बार कोलकाता से आये मूर्तिकार मूर्ति बनाने में लगे हैं. वहीं, मधुपुर के कारीगर बच्चों के कपड़ों की मदद से सजावट करेंगे. इसमें करीब बीस हजार कपड़े लगेंगे. समिति के लोगों का अनुमान है कि इस पर 10 लाख रुपये खर्च होंगे. पंडाल और लाइट की बुकिंग हो चुकी है।
समिति के सुनील गुप्ता ने बताया कि आसपास के स्थानों व घरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। मुख्य सड़क पर 50 फुट चौड़ी शार्पी ट्रस्ट लाइटें लगायी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान यहां भारत की अध्यक्षता में हुई जी 20 बैठक की झलकियां भी दिखाई जाएंगी, जिसमें भारत अन्य देशों के सभी राष्ट्रीय अध्यक्षों की प्रतिमाएं और उनके राष्ट्रीय ध्वज लगाये जाएंगे। वहीं, फिल्म गदर-2 के सनी देओल की एक्शन पोज में प्रतिमा बनायी जाएगी और लोग उसके साथ सेल्फी ले सकेंगे। पटना स्थित ऐतिहासिक और नये पर्यटन स्थलों का वीडियो बनाकर डिजिटल दर्शन बड़े स्क्रीन पर दिखाया जाएगा, जिसे पटना दर्शन का नाम दिया गया है।
समिति के सचिव टिंकू गुप्ता ने बताया कि पूजा के दौरान 10 दिनों तक महाभोग का वितरण किया जायेगा तथा सप्तमी, अष्टमी व नवमी के दिन दो लाख लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गयी है। प्रसाद के रूप में खीर, खिचड़ी और हलवा वितरित किया जाएगा। अनुमान है कि पूजा पर 13 लाख रुपये खर्च होंगे, जो दान और सदस्यों के निजी कोष से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सप्तमी को भक्तों के लिए पट खोला जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएंगे। इसके साथ ही 20 से अधिक स्वयंसेवक सक्रिय रहेंगे।
Be First to Comment