Press "Enter" to skip to content

कैसे पढ़ेंगे नीतीश के स्कूल के बच्चे? विज्ञान की किताब में सवाल जवाब गणित के, एक-दो नहीं पूरे डेढ़ सौ पन्नें

मुजफ्फरपुर: बिहार में सरकारी शिक्षा व्यवस्था पढ़ाई लिखाई के नाम पर खानापूर्ति कर रही है। ऐसा नहीं है तो विज्ञान की सरकारी किताबों में गणित के पन्ने कैसे आ गए। यह बदहाली सरकार के नाक के नीचे पटना में चल रहे बिहार स्टेट टेक्स्ट बुक पब्लिशिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड, बीटीबीसी की है। बात उजागर हो जाने के बाद हड़कंप मच गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारी अब जांच कार्रवाई की खानापूर्ति में व्यस्त हो गए हैं।

उमेश चतुर्वेदी का ब्लॉगः सरकारी स्कूलों से मोहभंग क्यों?

पुस्तक के आवरण पृष्ठ पर विज्ञान विषय, जबकि भीतर गणित की पाठ्य सामग्री। बात अजीब है पर सच है। बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ यह भद्दा मजाक किया गया है। सरकारी स्कूलों में आपूर्ति की गई किताबों में यह गड़बड़ी सामने आई है। गड़बड़ी सामने आने के बाद पाठ्य पुस्तक प्रकाशन निगम ने सभी जिले के जिला शिक्षा अधिकारियों को आपूर्ति की गई पाठ्य पुस्तकों की जांच कराने का निर्देश दिया है।

बिहार स्टेट टेक्स्ट बुक पब्लिशिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के बैद्यनाथ यादव ने सभी जिले के जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है। सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों के लिए इस बार किताबें आपूर्ति कराई जा रही हैं। आपूर्ति की गई किताबों में कक्षा 8 में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। कक्षा 8 में विज्ञान की पुस्तक के आवरण पृष्ठ पर विज्ञान भाग 3 मुद्रित है, जबकि भीतर के पृष्ठ संख्या 1 से 166 तक गणित की सामग्री दी गई है तथा उसके आगे विज्ञान की पाठ्य सामग्री मुदित है। यह गड़बड़ी केवल एक ही विषय विज्ञान में ही नहीं है, बल्कि गणित में भी इसी तरह का मामला सामने आया है।

आठवीं में ही गणित के आवरण पृष्ठ पर विज्ञान मुद्रित है, जबकि भीतर सभी पाठ्य सामग्री गणित की है। मुजफ्फरपुर के डीईओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि सभी बीईओ को इस संबंध में निर्देश दिया गया है कि प्रखंड में अब तक जितनी भी किताबें दी गई हैं, उन सभी किताबों की जांच कर लें, ताकि आगे किसी तरह की गड़बड़ी न रह जाए और कोई दिक्कत न हो। तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है।

रोहतास जिले में इस तरह की गड़बड़ी सामने आने के बाद मुजफ्फरपुर समेत सभी जिलों में जांच का आदेश दिया गया है। डीपीओ सर्वशिक्षा अभियान विभा कुमारी ने बताया कि जिले में सभी प्रखंडों में किताबें पहुंचा दी गई है। सभी बीईओ को निर्देश दिया गया है कि विज्ञान, गणित के साथ ही अन्य विषयों की भी किताबों को जांच लें कि इस तरह की गड़बड़ी तो नहीं है।

 

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *