Press "Enter" to skip to content

‘हाथ में राख लगाकर जुबान खींच लेंगे’, नीतीश की पार्टी JDU के एमएलसी ने सुधाकर सिंह को दी चेतावनी

पटना: बिहार के सत्ताधारी महागठबंधन के घटक दल जेडीयू और आरजेडी के बीच तनाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इसके केंद्र में हैं पूर्व कृषि मंत्री और आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जुबानी हमले को लेकर सुधाकर सिंह की रफ्तार कम नही हो रही है। ऐसे में जदयू के एक के बाद एक नेता खुलकर सामने आ रहे हैं।

सुधाकर सिंह पर जदयू नेताओं ने हमला तेज कर दिया है। उपेंद्र कुशवाहा और संजय सिंह के बाद जदयू एमएलसी रामेश्वर महतो ने नीतीश कुमार का पक्ष लेते हुए आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने राजद विधायक को जुबान खींच लेने की चेतावनी दी है। एमएलसी रामेश्वर महतो ने राजद सुप्रीमो लालू यादव और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से सुधाकर सिंह पर कार्रवाई की मांग की है।

रामेश्वर महतो ने कहा है कि जदयू के लोग अपने विपक्षियों के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग नहीं करते है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि कोई उनके नेता नीतीश कुमार को कुछ भी बोलता रहे और वे चुपचाप सुनते रहें। जो लोग अपने नेता की बातों को भी नहीं माने उनके साथ वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए। रामेश्वर महतो ने गांव की एक कहावत की आड़ में सुधाकर सिंह को खुली धमकी दी। उन्होंने कहा कि गांवों में एक कहावत है कि हाथ में राख लगाकर जुबान खींच लेंगे। सुधाकर सिंह अगर नीतीश कुमार के खिलाफ बोलना नहीं छोड़ते हैं तो उनके साथ भी यही काम किया जाएगा। उन्हें अपने शब्दों और बयानों पर अभी भी अंकुश लगाना चाहिए।

जदयू एमएलसी रामेश्वर महतो ने अपने बयान में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पार्टी के दूसरे सबसे बड़े नेता तेजस्वी यादव से सुधाकर सिंह की शिकायत की है। दोनों नेताओं से पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि सुधाकर सिंह द्वारा नीतीश कुमार के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने से जदयू के कई नेता दुखी हैं। सुधाकर सिंह को रोका जाना अनिवार्य हो गया है।

सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार को शिखंडी और भिखारी कहा था

पिछले दिनों सुधाकर सिंह ने एक चैनल से बातचीत में नीतीश कुमार के लिए शिखंडी शब्द का प्रयोग किया था। उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार ने कुछ ऐसा काम नहीं किया जिसके लिए इतिहास उन्हें याद रखेगा। नीतीश जी को इतिहास में शिखंडी के रूप में याद किया जाएगा। इस बयान पर जदयू नेताओं ने सुधाकर सिंह का विरोध किया। लेकिन सुधाकर सिंह उसके बाद भी नहीं रुके। कैमूर में एक जनसभा में उन्होंने नीतीश कुमार को भिखमंगा तक कह दिया। लोगों को संबोधित करते हुए राजद विधायक ने कहा कि जब तब कटोरा लेकर नीतीश कुमार दिल्ली चले जाते हैं विशेष राज्य का दर्जा मांगने। उन्होंने हेलिकॉप्टर और विमान खरीद के फैसले पर भी सवाल उठा दिया।

उपेंद्र कुशवाहा ने शुरू किया था सुधाकर सिंह का विरोध

सुधाकर सिंह के बयान पर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने कड़ी अपत्ति जताई थी। उन्होंने सुधाकर सिंह को नीतीश कुमार के लिए अपशब्दों का प्रयोग नहीं करने की चेतावनी देते हुए तेजस्वी यादव से कार्रवाई की मांग की थी। अगले दिन प्रेस बुलाकर उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा था की नीतीश कुमार और उनका डीएनए एक है। अपने नेता के खिलाफ गाली बर्दाश्त नहीं करेंगे। जदयू नेता संजय सिंह ने कहा कहा था कि सुधाकर सिंह बीजेपी द्वारा ट्रैप कर लिए गए हैं।

तेजस्वी ने भी लिया था संज्ञान

सुधाकर सिहं के बयानों पर संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएम और राजद के युवराज तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के खिलाफ कुछ बोलने का मतलब है बीजेपी की नीतियों का समर्थन करना। पार्टी उनके बयानों को गंभीरता से ले रही है। सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पूरे घटनाक्रम पर नजर है। वे स्वस्थ होकर भारत आएंगे तो इसपर फैसला होगा। लेकिन, उसके बाद भी सुधाकर सिंह नहीं रुके और नीतीश कुमार पर हमला जारी रखा।

पिता जगदानंद सिंह ने भी जताई आपत्ति

सुधाकर सिंह के बयान पर उनके पिता और राजद से बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि ऐसा बयान पार्टी द्वारा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिता जगदानंद ने बेटे सुधाकर के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए। जिसके बाद सियासी गलियारे में कहा गया कि कहीं पिता के हाथो बेटे की बली न चढ़ जाए। लेकिन सुधाकर सिंह के तेवर कम नहीं हुए। वरिष्ठ राजद नेता शिवानंद तिवारी और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने भी सुधाकर सिंह पर उनके बयानों को लेकर कार्रवाई की मांग की।

 

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *