बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. रविवार सुबह करीब 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक झमाझम बारिश हुई. इससे जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं पटना समेत कई शहरों के विभिन्न इलाकों में भारी जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. मौसम बदलने और तापमान गिरने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में राजधानी सहित सभी जिलों में बादल छाए रहेंगे और रिमझिम वर्षा जारी रहेगी. राज्य के 10 जिलों अररिया, भोजपुर, बक्सर, कटिहार, किशनगंज, सारण और सिवान में भारी वर्षा का अनुमान है. वहीं समस्तीपुर, वैशाली और पश्चिम चंपारण जिले में अति भारी वर्षा को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है. सोमवार को पटना सहित 11 जिलों के अधिकतम तापमान में कमी आई, जहां पटना का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान सुपौल में 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मानसून ट्रफ इस समय बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना होते हुए मणिपुर की ओर गुजर रही है. इसके प्रभाव से अगले तीन-चार दिनों तक भारी वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी.










Be First to Comment