बगहा में 11 वर्षीय बच्चे के तीन दिनों से लापता होने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. बच्चे की तलाश में पुलिस की कार्रवाई से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और NH-727 को जाम कर दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
मामला नगर के वार्ड संख्या-26 स्थित रामधाम मंदिर मोहल्ले का है. यहां रहने वाले तुलसी शाह का 11 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार पिछले तीन दिनों से लापता है. परिजनों के अनुसार, बच्चे के लापता होने के बाद उन्होंने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है.बच्चे के नहीं मिलने से परेशान परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया. प्रदर्शन के दौरान NH-727 पर आवागमन बाधित हो गया. लोगों ने पुलिस पर बच्चे की तलाश में शिथिलता बरतने और समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया.
परिजनों का कहना है कि कुछ लोगों के साथ उनकी पुरानी रंजिश चल रही है. इसी वजह से उन्हें आशंका है कि गौतम कुमार का अपहरण किया गया है. परिजनों ने पुलिस से इस आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच करने और बच्चे को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है.परिजनों का कहना है कि गौतम के लापता होने के बाद से परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं. तीन दिन बीत जाने के बावजूद बच्चे की कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है.
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश गंभीरता से की जा रही है. पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी और खोजबीन कर रही है. बच्चे के लापता होने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है और परिजनों की ओर से जताई गई आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है.परिजनों और स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द गौतम कुमार को सकुशल बरामद करे और यदि उसके लापता होने के पीछे किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.









Be First to Comment