बिहार में शनिवार, 1 अगस्त को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासकर उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में मॉनसून की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। वहीं राजधानी पटना समेत मध्य बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अररिया, कटिहार, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) और पश्चिमी चंपारण (बेतिया) में शनिवार को भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
भारी बारिश के अलावा राज्य के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। येलो अलर्ट वाले जिलों में औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, बक्सर, सारण, सीवान, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।









Be First to Comment