बिहार में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बारिश की कमी के कारण राज्य के कई हिस्सों में उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी, लेकिन अब मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कैमूर, औरंगाबाद, गया और नवादा में 30 जुलाई से भारी बारिश हो सकती है। वहीं 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में जोरदार वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।
इसके अलावा पटना, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, नालंदा, लखीसराय, बेगूसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, रोहतास, अरवल और अन्य कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
बारिश के सक्रिय होने के साथ ही अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान लगभग 24.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इससे उमस और गर्मी से राहत मिलेगी तथा मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो जाएगा।









Be First to Comment