देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 23 जुलाई, गुरुवार को उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई राज्यों में तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज हो सकती है। गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
IMD के मुताबिक गुजरात क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश हो सकती है। वहीं कोंकण-गोवा, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण कई इलाकों में जलभराव और निचले क्षेत्रों में परेशानी बढ़ सकती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ तूफान आने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।










Be First to Comment