महाकाल सेवा दल द्वारा आगामी 2 अगस्त को निकाली जाने वाली महाकाल शाही पालकी यात्रा से पहले मंगलवार को मुजफ्फरपुर का माहौल शिवमय हो गया। उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लाई गई चंद्रमौलेश्वर स्वरूप की मूर्ति का मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भव्य स्वागत किया गया।


स्टेशन पर सेवा दल के सदस्यों और सैकड़ों शिवभक्तों ने बाबा की मूर्ति का जयकारों के साथ स्वागत किया। इस दौरान घोड़े, ढोल-नगाड़े, शंखनाद और आतिशबाजी से पूरा स्टेशन परिसर गूंज उठा। “हर-हर महादेव” और “जय श्री महाकाल” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।


स्वागत के पश्चात बाबा की मूर्ति को भव्य शोभायात्रा के रूप में बाबा गरीबनाथ धाम लाया गया। धाम के गर्भगृह में प्रधान पुजारी विनय पाठक एवं महंत अभिषेक पाठक द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा का विशेष पूजन-अर्चन किया गया।
इस अवसर पर शहर के गणमान्य लोग, शिवभक्त और सेवा दल के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे। महाकाल सेवा दल के अध्यक्ष आकाश चौधरी ने बताया कि 2 अगस्त को शहर में महाकाल की शाही पालकी यात्रा निकाली जाएगी, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। यात्रा में उज्जैन से लाई गई यही चंद्रमौलेश्वर मूर्ति पालकी में विराजमान रहेंगी।











Be First to Comment