राजधानी पटना में मेट्रो रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद अब परियोजना के अगले चरण पर काम तेज कर दिया गया है। राज्य सरकार ने मीठापुर से खेमनीचक तक मेट्रो लाइन के निर्माण की समय-सीमा तय कर दी है। इस 3.1 किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही राजेंद्र नगर स्टेशन, आकाशवाणी और पटना जंक्शन को जोड़ने वाले करीब 8 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन को वर्ष 2028 तक चालू करने की योजना बनाई गई है।
सोमवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में पटना मेट्रो रेल परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गति दोगुनी की जाए, ताकि संशोधित समय-सीमा के भीतर हर हाल में परियोजना पूरी की जा सके।
पटना मेट्रो के विस्तार से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। आने वाले वर्षों में जब मीठापुर-खेमनीचक सेक्शन और अंडरग्राउंड कॉरिडोर दोनों चालू हो जाएंगे, तब शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव घटेगा, ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और लोगों को तेज, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार का लक्ष्य है कि तय समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी कर पटना को आधुनिक मेट्रो नेटवर्क से पूरी तरह जोड़ दिया जाए।














Be First to Comment