बिहार में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने 15 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल में मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ जलभराव जैसी स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी बारिश के अलावा मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका जताई है। विभाग ने किसानों, खुले मैदान में काम करने वाले लोगों और यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
पूर्वानुमान के मुताबिक मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।










Be First to Comment