Press "Enter" to skip to content

मुज़फ्फरपुर के स्वराज भारद्वाज ने राष्ट्रीय शूटिंग में लहराया परचम, 7वीं बुल्सआई ओपन चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण पदक

मुज़फ्फरपुर। बिहार के मुज़फ्फरपुर के होनहार युवा निशानेबाज़ स्वराज भारद्वाज ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में 10 से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित 7वीं बुल्सआई ओपन शूटिंग चैंपियनशिप–2026 में स्वराज ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर राइफल ISSF जूनियर पुरुष वर्ग और 10 मीटर एयर राइफल ISSF सब यूथ पुरुष वर्ग में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 13 जुलाई को आयोजित किया गया।

देशभर से पहुंचे प्रतिभाशाली निशानेबाज़ों के बीच स्वराज ने अद्भुत एकाग्रता, सटीक निशानेबाज़ी और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए दोनों वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत खेल जीवन का स्वर्णिम अध्याय है, बल्कि स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।

इस सफलता के पीछे अकादमी के मुख्य कोच एवं प्रशिक्षक अमित घंसेला की मेहनत और मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके तकनीकी प्रशिक्षण, अनुशासित अभ्यास और निरंतर प्रेरणा का ही परिणाम है कि अकादमी के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

स्वराज की इस दोहरी स्वर्णिम सफलता पर अकादमी के सदस्य उज्ज्वल कुमार, चंदा कुमारी, ऋषु आर्या, अमर सिंह, रंजन कुमार, धीरेंद्र भारद्वाज, अरिंजय राज सिंह, सूरज कुमार एवं अनिरुद्ध सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह जीत उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वराज आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का तिरंगा बुलंद करेंगे।

स्वराज भारद्वाज की आ यह उपलब्धि मुज़फ्फरपुर और बिहार के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण है। उनकी इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बिहार की प्रतिभाएँ अवसर मिलने पर राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने में पूरी तरह सक्षम हैं।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *