बिहार में हाई-स्पीड सार्वजनिक परिवहन का सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने पटना को मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर और आरा से जोड़ने वाले चार रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर की विस्तृत योजना तैयार कराने को मंजूरी दे दी है। परियोजना पूरी होने के बाद राजधानी से इन प्रमुख शहरों तक की यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में चारों रैपिड ट्रांजिट कॉरिडोर के लिए एलाइनमेंट अप्रूवल रिपोर्ट (AAR) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराने की स्वीकृति दी गई। इसके लिए सरकार ने 31.59 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

राज्य सरकार जिन कॉरिडोर पर योजना तैयार कर रही है, उनमें पटना–गया, पटना–भागलपुर, पटना–सोनपुर–मुजफ्फरपुर और पटना–आरा शामिल हैं। इन कॉरिडोर के विकसित होने से लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा और बिहार में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
वर्तमान में पटना से मुजफ्फरपुर पहुंचने में सामान्य ट्रेनों से लगभग तीन घंटे का समय लगता है, जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस यह दूरी करीब डेढ़ घंटे में तय करती है। प्रस्तावित रैपिड ट्रेन शुरू होने के बाद यही सफर लगभग 60 मिनट में पूरा होने का अनुमान है।












Be First to Comment