बिहार में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए राज्य के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात (ठनका) की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि पूरे राज्य में एक जैसी स्थिति नहीं रहेगी। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं वज्रपात भी हो सकता है। ऐसे में किसानों, खुले मैदान में काम करने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने और खुले स्थानों में रहने से बचने की अपील की गई है।
राजधानी पटना सहित कई जिलों में रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि बारिश रुकने के बाद उमस में फिर बढ़ोतरी महसूस की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान भी ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं लगातार बिहार की ओर आ रही हैं। इसके साथ ही मानसूनी ट्रफ और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल बन रहे हैं। यही वजह है कि कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।









Be First to Comment