केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा 2026 के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को पात्र छात्रों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (LOC) ऑनलाइन जमा करने के निर्देश जारी किए हैं।
बोर्ड के अनुसार, स्कूलों को 30 जून से 8 जुलाई 2026 के बीच “परीक्षा संगम” पोर्टल के माध्यम से पात्र छात्रों का रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा। स्पष्ट किया गया है कि जिन छात्रों का नाम LOC में शामिल नहीं होगा, उन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सीबीएसई ने सभी स्कूलों को अपने एफिलिएशन लॉगिन के जरिए पोर्टल पर लॉगिन कर समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि जिन छात्रों का परिणाम कंपार्टमेंट आया है, उनका नाम हर हाल में सूची में शामिल किया जाए, भले ही उनसे संपर्क न हो पाया हो। बोर्ड ने यह भी सलाह दी है कि छात्र अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपने स्कूल से संपर्क करें, क्योंकि LOC में नाम न होने पर परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।
सीबीएसई ने 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा की नई तिथि 28 जुलाई 2026 निर्धारित की है। पहले यह परीक्षा 15 जुलाई को होनी थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है। एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। बोर्ड ने कहा है कि एडमिट कार्ड में किसी भी प्रकार की गलती होने पर स्कूल तुरंत संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क करें।












Be First to Comment