राजधानी पटना में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मीठापुर फ्लाइओवर से न्यू बाइपास की ओर जाने वाले मार्ग पर करबिगहिया गोलंबर के समीप बनाए जा रहे नए फ्लाइओवर रैंप पर अगले माह के दूसरे सप्ताह से वाहनों का परिचालन शुरू होने की संभावना है। निर्माण एजेंसी ने उत्तर दिशा के रैंप का काम लगभग पूरा कर लिया है, जबकि अंतिम फिनिशिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद उद्घाटन की तैयारी की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, यह रैंप मीठापुर फ्लाइओवर को पहले से बने न्यू बाइपास फ्लाइओवर से सीधे जोड़ने का काम करेगा। इसके शुरू होने के बाद वाहन चालकों को करबिगहिया गोलंबर पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। रोजाना हजारों लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं, जिन्हें अब अधिक सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, सड़क के उत्तर दिशा में बनाए जा रहे रैंप का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल सड़क की फिनिशिंग, सुरक्षा बैरियर, पेंटिंग और अन्य तकनीकी कार्य अंतिम चरण में हैं। यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले माह के पहले सप्ताह तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे और दूसरे सप्ताह से इस रैंप पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। बताया जा रहा है कि उद्घाटन के लिए सरकार स्तर पर भी तैयारी की जा रही है। संभावना है कि राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधि इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे।













Be First to Comment