बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे, जहां वे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य की कई बड़ी सड़क और पुल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
बैठक का मुख्य एजेंडा करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क और पुल परियोजनाओं को गति देना है। राज्य सरकार केंद्र से इन परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति और आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध करेगी। इन योजनाओं का उद्देश्य बिहार के सड़क नेटवर्क को मजबूत करना और आवागमन को अधिक सुगम बनाना है।
बैठक में डुमराव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण पर भी चर्चा होगी। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र से मंजूरी और वित्तीय सहयोग मांगा जाएगा। इन पुलों के बनने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अरवल-बिहारशरीफ पथ परियोजना को बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे। यह सड़क परियोजना दक्षिण और मध्य बिहार के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी, जिससे व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।









Be First to Comment