बिहार में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। कुछ जिलों में रूक-रूक कर बारिश हो रही है तो कहीं उमस भरी गर्मी का सितम जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक-दो दिनो में मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो सकता है।
दरअसल, इस वर्ष मानसून ने समय से पहले 11 जून को दस्तक दी थी, लेकिन शुरुआती एंट्री के बाद इसकी गतिविधियां कमजोर पड़ गईं। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून तक राज्य में सामान्य रूप से 140.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 69.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यानी राज्य में सामान्य से करीब 50 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार के 38 जिलों में से केवल 6 जिलों में ही सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है, जबकि 18 जिलों में 50 प्रतिशत से भी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान के अनुसार, 30 जून से राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और 1 जुलाई से अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। अगले सात दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही कई स्थानों पर भारी बारिश के भी आसार हैं।









Be First to Comment