रोहतास जिले के डेहरी स्थित जिला महिला पुलिस बल प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 16 किलोमीटर की दौड़ के दौरान एक साथ 16 महिला प्रशिक्षुओं की तबीयत अचानक खराब हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच आयोजित शारीरिक प्रशिक्षण के दौरान कई प्रशिक्षुओं को चक्कर आने, सांस फूलने, घबराहट और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। कुछ प्रशिक्षु दौड़ते-दौड़ते बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिसके बाद प्रशिक्षण कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी और चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची। सभी प्रभावित प्रशिक्षुओं को तत्काल एंबुलेंस से डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार अधिकांश प्रशिक्षुओं की हालत अब स्थिर है, लेकिन चार महिला प्रशिक्षुओं की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए सासाराम सदर अस्पताल और जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक डेहरी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में बिहार के विभिन्न जिलों से आई कुल 1358 महिला प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षण में 16 किलोमीटर लंबी दौड़ शामिल थी। इसी दौरान अचानक कई प्रशिक्षुओं की तबीयत बिगड़ने से पूरे कैंप में चिंता का माहौल बन गया।










Be First to Comment