Press "Enter" to skip to content

वैशाली में आज पहुंचेगी नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा: मुख्यमंत्री देंगे 15 हजार करोड़ की सौगात, सुरक्षा का फौलादी इंतजाम

बिहार : बिहार की सियासत में आज एक बार फिर विकास का नैरेटिव सबसे आगे है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर वैशाली पूरी तरह तैयार है। महुआ से लेकर जंदाहा तक सियासी हलचल, प्रशासनिक चुस्ती और विकास के वादों का माहौल है। दरअसल, आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वैशाली की धरती से करीब 15 हज़ार 194 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौग़ात देने जा रहे हैं, जिसे सत्ता पक्ष समृद्ध बिहार की मजबूत बुनियाद बता रहा है।मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर बाद हवाई मार्ग से महुआ में होगा। इससे पहले ही महुआ और जंदाहा प्रखंड के बटेश्वर नाथ मंदिर के आसपास का इलाका दुल्हन की तरह सजाया गया है। मंदिर के समीप विशाल भू-भाग में हाईटेक पंडाल तैयार किया गया है, जहां हजारों लोग मुख्यमंत्री को देखने और सुनने पहुंचेंगे। सियासी ज़ुबान में कहें तो यह सिर्फ़ सभा नहीं, बल्कि सरकार की उपलब्धियों का शोकेस है।

मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री 128 विकास योजनाओं का तोहफा देंगे। इनमें से 103 योजनाओं का उद्घाटन रिमोट के ज़रिये होगा, जबकि 25 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। पूर्ण हो चुकी योजनाओं में पंचायती राज विभाग और जिला परिषद की 57 योजनाएं शामिल हैं, जो गांव-देहात तक विकास पहुंचाने के दावे को मज़बूती देती हैं।

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री वाया नदी के उड़ाही कार्यों का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय पदाधिकारियों व तकनीकी अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेंगे। इसके बाद महुआ में नव निर्मित मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखेंगे।

मेडिकल कॉलेज परिसर में रुककर वे प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सीधी बातचीत करेंगे। इसके बाद जंदाहा प्रखंड में पुस्तकालय और पोखर का निरीक्षण भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल है, जिसे सरकार सामाजिक और शैक्षणिक विकास से जोड़कर देख रही है।

मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री, कई मंत्री, विधायक और आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं, सुरक्षा के लिहाज़ से प्रशासन ने किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती है। 400 मजिस्ट्रेट और 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महुआ से जंदाहा तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल मुस्तैद हैं। कुल मिलाकर, वैशाली में आज सत्ता, सियासत और समृद्धि तीनों का संगम साफ़ नज़र आ रहा है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *