मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा हुआ है. शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत खबरा स्थित विजय इन्क्लेव अपार्टमेंट में बुधवार को डीएसपी के फ्लैट में काम करने वाली महिला की गिरकर मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला पांचवीं मंजिल से लौट रही थी और लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हो गई.

DSP के फ्लैट में काम करती थी
मृतका की पहचान दरभंगा जिले के अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी पुनीता देवी (55) के रूप में हुई है. वह डीएसपी अभिजीत अल्केश के फ्लैट में घरेलू काम करती थीं. डीएसपी वर्तमान में पटना में तैनात हैं, जबकि मुजफ्फरपुर स्थित फ्लैट में उनका परिवार रहता है.

50 फीट नीचे गिरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुनीता देवी किसी घरेलू काम से पांचवीं मंजिल पर गई थीं. लौटते समय उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि लिफ्ट की केबिन पांचवीं मंजिल पर मौजूद नहीं है. लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण वह पहली मंजिल पर रुकी हुई थी. जैसे ही महिला ने लिफ्ट का शटर खोला और अंदर कदम बढ़ाया, वह करीब 50 फीट नीचे गिर गई.

सूचना पाकर पहुंची पुलिस
गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल पर खून फैला हुआ था और महिला बेहोश पड़ी थी. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.












Be First to Comment