सिवान: बिहार के सिवान में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ के दौरान जमकर गोलियां चलीं. फायरिंग के दौरान दो बहनों को गोली लगी है. परिजनों का आरोप है कि पुलिस की गोली से दोनों बहनें जख्मी हुई हैं. मामला जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र का है.

एनकाउंटर के दौरान दो बहनों को लगी गोली
बसंतपुर थाना क्षेत्र के कोड़ी प्रकार गांव के पास गोली लगने से दो युवतियों के घायल होने से लोगों में आक्रोश है. घायल बहनों की पहचान वकील कोहार की पुत्री नीतू कुमारी और अंजू कुमारी के रूप में की गई है. दोनों के पैर में गोली लगी है और उनका इलाज सिवान सदर अस्पताल में चल रहा है.

जब्त ट्रक से चोरी की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
घटना के संबंध में वीआईपी जिला अध्यक्ष श्रीनिवास यादव ने जानकारी दी कि कुछ दिन पहले इसी स्थान पर सड़क दुर्घटना में एक ट्रक जब्त किया गया था. आरोप है कि जब्त ट्रक से लगातार कुछ चोरों द्वारा सामान की चोरी की जा रही थी. इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी.

किसकी गोली से घायल हुईं बहनें?
सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो चोरों के साथ पुलिस के बीच कथित रूप से गोलीबारी हुई. इसी दौरान गोली लगने से दो युवतियां घायल हो गईं. हालांकि, इस बात को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि गोली पुलिस की ओर से चली या फिर सामान चोरी कर रहे चोरों की ओर से.

पुलिस का क्या कहना है?
घटना की सूचना मिलते ही सिवान के एसपी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. इलाके में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं. सिवान गोलीबारी मामले में भगवानपुर हाट थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह का दावा है कि चोरों ने पुलिस पर गोली चलाई थी.

सभी बिंदुओं पर जांच जारी
भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र की पुलिस का कहना है कि दो बहनों को गोली लगी है, दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चोरी की सूचना पर डायल 112 की टीम पहुंची थी, इस दौरान यह घटना हुई. जांच जारी है.













Be First to Comment