Press "Enter" to skip to content

बिहार में रोपवे गिरने के बाद ऐक्शन में मंत्री दिलीप जायसवाल 2 इंजीनियर सस्पेंड, कंपनी ब्लैकलिस्टेड

रोहतास :  बिहार के रोहतास जिले में रोपवे गिरने की घटना पर जांच पूरी हो गई है। मंगलवार को पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जांच रिपोर्ट में संवेदक और पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर दोषी पाए गए हैं। दोषियों पर कार्रवाई जारी है। प्रोजेक्ट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर निलंबित होंगे, जबकि निर्माण कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। इस घटना की जांच के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया था।

आपको बता दें कि बीते शुक्रवार को रोहतास में रोपवे गिरने के बाद एक बड़ा हादसा टल गया था। यहां परीक्षण के दौरान नवनिर्मित रोपवे ध्वस्त हो गया था। अधिकारियों ने बताया था कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह घटना रोहतास प्रखंड से रोहतासगढ़ किला और रोहितेश्वर धाम को जोड़ने वाले रोपवे के परीक्षण के दौरान हुई थी। हादसे के दौरान इससे जुड़ा एक टावर भी क्षतिग्रस्त हो गया था। अधिकारियों के अनुसार परीक्षण के दौरान उपयोग में लाई जा रही चार ट्रॉलियां क्षतिग्रस्त हो गईं थीं, हालांकि मौके पर मौजूद श्रमिकों ने सतर्कता बरतते हुए खुद को सुरक्षित बचा लिया था।

इस घटना के बाद रोपवे निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के वरिष्ठ अभियंता खुर्शीद करीम ने कहा था कि रोपवे का परीक्षण कार्य चल रहा था।

लोड बढ़ाने के दौरान एक तार फंस गया, जिससे यह नुकसान हुआ। कहा गया था कि जब तक परीक्षण के परिणामों से अधिकारी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाते, तब तक रोपवे सेवा आम जनता के लिए शुरू नहीं की जाएगी।

 

बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने कोलकाता की रोपवे एंड रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को इस रोपवे के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 12 करोड़ 65 लाख रुपये थी।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *