मुजफ्फरपुर: शहर के प्रमुख शॉपिंग डेस्टिनेशन आइकॉन प्लाज़ा मॉल में आयोजित आइकॉन शॉपिंग फेस्टिवल के तहत चल रहा “लास्ट वन टचिंग” कार चैलेंज इन दिनों लोगों के बीच खासा चर्चा का विषय बना हुआ है। इस अनोखी और रोमांचक प्रतियोगिता में कुल 45 प्रतिभागी शामिल हैं, जो एक बिल्कुल नई कार जीतने के लिए लगातार कार को छूकर खड़े हैं।
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि यह पूरी तरह सहनशक्ति, धैर्य और मानसिक मजबूती पर आधारित है। नियमों के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी को अपने शरीर का कम से कम एक हिस्सा हर समय इनाम में रखी गई कार के संपर्क में रखना अनिवार्य है। जैसे ही किसी प्रतिभागी का संपर्क कार से टूटता है, वह प्रतियोगिता से बाहर हो जाता है।


प्रतियोगिता शुरू होने के बाद से ही प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ठंड और थकान के बावजूद प्रतिभागी पूरी लगन और संकल्प के साथ डटे हुए हैं। मॉल प्रबंधन द्वारा प्रतिभागियों की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि नियमों का पालन पूरी पारदर्शिता के साथ हो सके।


इस अनोखे चैलेंज को देखने के लिए आइकॉन प्लाज़ा मॉल परिसर में दर्शकों की भी भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ प्रतियोगिता देखने पहुंच रहे हैं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। मॉल का माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना हुआ है।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य न केवल ग्राहकों को आकर्षित करना है, बल्कि शॉपिंग फेस्टिवल को यादगार बनाना भी है। जो प्रतिभागी सबसे अधिक समय तक लगातार कार के संपर्क में बना रहेगा, वही इस प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया जाएगा और नई कार का मालिक बनेगा।

वहीं मॉल के प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित की जा रही हैं, जिससे कि लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आइकॉन शॉपिंग फेस्टिवल के तहत आगे भी कई आकर्षक कार्यक्रम और ऑफर आयोजित किए जाएंगे।












Be First to Comment