पटना : बिहार में ठंड कहर बरपाना शुरू कर दिया है. इसकी चपेट में कई लोग आ रहे हैं. बच्चों पर इसका प्रभाव नहीं पड़े इसको लेकर एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं. राज्य के विभिन्न जिलों के डीएम आदेश निर्गत कर रहे हैं.

21 दिसंबर तक बंद रहेंगे स्कूल
छपरा में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए सारण जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है. बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए डीएम वैभव श्रीवास्तव ने धारा 163 के तहत कक्षा 10 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 21 दिसंबर तक बंद करने का आदेश दिया है. आंगनबाड़ी केंद्र दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक खुलेंगे.
![]()
पटना के स्कूलों में टाइमिंग चेंज
वहीं दूसरी तरफ बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए पटना डीएम ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं. इस आदेश के तहत प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों समेत सभी शैक्षणिक संस्थानों में सुबह 9:00 से पहले और शाम के समय 4:30 के बाद कक्षाओं के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है.

सुबह 9:00 के बाद होगा कक्षाओं का संचालन
जिला दंडाधिकारी (डीएम) डॉ. त्यागराजन एसएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के अंतर्गत यह निर्णय लिया गया है. आदेश के अनुसार पटना जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 09.00 बजे से पहले और अपराह्न 04.30 बजे के बाद संचालित नहीं की जाएंगी. आदेश 18 दिसंबर 2025 को डीएम के हस्ताक्षर और न्यायालय जिला दंडाधिकारी की मुहर से जारी किया गया है.

25 दिसंबर तक प्रभावी है आदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय प्रबंधन अपने-अपने स्तर पर समय-सारिणी में आवश्यक बदलाव करेंगे, ताकि आदेश का पूर्ण रूप से अनुपालन हो सके. हालांकि इस आदेश से प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए संचालित की जाने वाली विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं मुक्त रहेंगी. यानी परीक्षाओं पर इस रोक का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. इस आदेश की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल दंडाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी थाना अध्यक्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) और जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी को भेजी गई है. संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं.

एक सप्ताह ठंड से राहत के आसार नहीं
दरअसल, गुरुवार से पटना समेत पूरे बिहार में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. सुबह और शाम के समय घना कोहरा और ठंडी हवा चल रही है. इसके साथ ही मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक सप्ताह तक ठंड से राहत के आसार नहीं है.












Be First to Comment