Press "Enter" to skip to content

दिल्ली-पटना की लाइफलाइन संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में कोच बढ़ाएगा रेलवे? भाजपा सांसद की मांग

बिहार: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना के बीच चलने वाली सुपरफास्ट संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में जनरल कोच बढ़ाने की मांग उठी है। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी की सदस्य ने यह मुद्दा उठाया। बिहार से भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने दिल्ली-पटना की लाइफलाइन मानी जाने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में अनारक्षित डिब्बों की संख्या बढ़ाने की मांग बुधवार को सदन में की।

राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि दिल्ली से पटना के बीच चलने संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12394/12393) में बेहद भीड़ होती है। इस वजह से आम यात्रियों को बहुत असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन बिहार के लाखों छात्रों, श्रमिकों, नौकरी-पेशा लोगों को नागरिकों, आम लोगों और कारोबारियों के लिए परिवहन का एक साधन ही नहीं बल्कि उनकी जीवन रेखा है।

धर्मशीला गुप्ता ने ट्रेन के जनरल डिब्बों में अत्यधिक भीड़ और असुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इसके अनारक्षित डिब्बों की हालत बहुत दयनीय है। यात्री इसमें असुरक्षत और अव्यवस्थित तरीके से सफर करने को मजबूर हैं।

सांसद ने कहा कि संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में जनरल डिब्बों में उपलब्ध सीटों की संख्या भी बेहद कम है जबकि यात्रियों की संख्या कई गुना अधिक होती है। इस कारण स्टेशन से लेकर ट्रेन के अंदर तक अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांगों को ट्रेन में उतरने-चढ़ने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। कभी-कभार तो जान पर बन आती है।

उन्होंने मांग की कि संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में अतिरिक्त अनारक्षित डिब्बे जोड़े जाएं तथा यात्रियों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेन और अतिरिक्त सेवाओं का संचालन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रबंधन की भी व्यवस्था की जानी चाहिए।

दिल्ली और पटना के बीच रोजाना चलने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को आम लोगों की राजधानी एक्सप्रेस कहा जाता है। इस रूट पर चलने वाली यह सबसे तेज और लोकप्रिय ट्रेनों में से एक है। यह रोजाना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शाम साढ़े 5 बजे रवाना होती है और अगले दिन सुबह साढ़े 6 बजे पटना जंक्शन और सवा 7 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंच जाती है।

दिल्ली और पटना के बीच का सफर यह महज 13 घंटे में पूरा करती है। इसका स्टोपेज रास्ते में बहुत कम जगहों पर है। यह नई दिल्ली के बाद कानपुर, मिर्जापुर, डीडीयू से सीधे आरा, दानापुर और फिर पटना में रुकती है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *