अररिया: बिहार के अररिया जिले में BPSC शिक्षिका शिवानी वर्मा मर्डर केस में पुलिस ने रंजीत कुमार नाम के एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। नरपतगज प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय कन्हैली में कार्यरत 24 साल की शिक्षिका शिवानी की बुधवार सुबह स्कूल जाने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रहने वाली थी। गिरफ्तार आरोपी शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा भी यूपी के वाराणसी का रहने वाला है। वह शिवानी के स्कूल कैंपस में संचालित उच्च विद्यालय का शिक्षक है। शुरुआती जांच में यह मामला सरकारी स्कूल की एक तरफा प्रेम कहानी का निकला।

बताया जा रहा है कि टीचर शिवानी वर्मा से स्कूल में ही पढ़ाने वाला शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा एकतरफा प्रेम करता था। वह उस पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था। इनकार करने पर वह शिवानी को जान से मारने की धमकी देता था और प्रताड़ित भी करता था। आरोप है कि शिक्षक रंजीत कुमार ने ही सुपारी देकर शिवानी की हत्या करा दी। पुलिस फिलहाल शिक्षिका को गोली मारने वाले अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मृतका की बहन जूली ने बताया कि शिवानी बीते दो साल से कन्हैली मध्य विद्यालय में प्राथमिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। लगभग एक साल पहले शिवानी ने उसे बताया था कि उसके स्कूल कैंपस में स्थित उच्च विद्यालय खाब्दह कन्हैली का शिक्षक रंजीत कुमार शादी के लिए उस पर लगातार दबाव बना रहा है। इसका विरोध करने पर वह शिवानी को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

जूली के अनुसार, शिक्षिका ने इसकी सूचना दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी फोन पर दी थी। इसके बावजूद स्कूल के बाहर रास्ते में ओवरटेक कर बार-बार उसने शिवानी को एक्सीडेंट करने का भी प्रयास किया। मृतका की बड़ी बहन का यह भी आरोप है कि विद्यालय के कुछ अन्य शिक्षकों की भी मिलीभगत इस घटना में हो सकती है। प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने आरोपी शिक्षक रंजीत कुमार को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में सरगर्मी बढ़ी हुई है।

फारबिसगंज डीएसपी मुकेश कुमार साह ने बताया कि शिक्षिका शिवानी वर्मा हत्या मामले में उसकी बहन के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी।
भाड़े के शूटरों ने शिक्षिका को मारी गोली- डीआईजी
पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी पी.के. मंडल, एसपी अंजनी कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को शिव मंदिर कन्हैली के समीप पहुंचकर घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। डीआईजी ने बताया कि घटना में अन्य अपराधी भी शामिल हैं। भाड़े के शूटरों से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

स्कूल में पसरा सन्नाटा, टीचर भी दहशत में
शिक्षिका शिवानी वर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कन्हैली स्कूल में गुरुवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। अभिभावकों ने माहौल ठीक नहीं होने के चलते अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। हालांकि, टीचर गुरुवार सुबह स्कूल पहुंचे, मगर उनके बीच भी दहशत देखी गई।












Be First to Comment