सीतामढ़ी : सीतामढ़ी में जिलाधिकारी रिची पांडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने चपरासी के घर आयोजित शादी समारोह में शिरकत करते दिखाई दे रहे हैं। सादगी और आत्मीयता से भरे इस दृश्य ने लोगों का दिल जीत लिया है। प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ सुरों के प्रति प्रेम के लिए प्रसिद्ध डीएम पांडे ने समारोह में पहुंचकर न सिर्फ परिवार को आशीर्वाद दिया, बल्कि लोगों की फरमाइश पर मंच पर गाना भी गाया।

भीड़ की जिद के बाद वे मुस्कुराते हुए मंच पर पहुंचे
समारोह में पहले से संगीत कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान लोगों ने डीएम से गीत सुनाने का आग्रह किया। भीड़ की जिद के बाद वे मुस्कुराते हुए मंच पर पहुंचे और माइक थामकर मशहूर गीत “हो आज मौसम बड़ा बेईमान है…” गाना शुरू किया।

उनकी आवाज़ गूंजते ही पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। लोग वीडियो बनाने लगे और बच्चे-बुजुर्ग सभी मंच के पास उमड़ पड़े। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोग उनकी गायकी के साथ उनसे जुड़े मानवीय पहलू की भी सराहना कर रहे हैं।

सम्मान और बराबरी का संदेश दिया
वीडियो केवल उनके गायन की वजह से चर्चा में नहीं है, बल्कि इसलिए भी कि उन्होंने अपने चपरासी के घर जाकर सम्मान और बराबरी का संदेश दिया है।

स्थानीय लोग कह रहे हैं कि किसी आईएएस अधिकारी को इस तरह सहजता से कर्मचारी के घर जाकर खुशी के पल में शामिल होते देखना अत्यंत दुर्लभ है। डीएम पांडे की इस पहल ने लोगों के बीच उनके प्रति सम्मान और बढ़ा दिया है।











Be First to Comment