पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है. इस बार सीएम ने अपने पास गृह विभाग नहीं रखा है. उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ये जिम्मेदारी दी गई है. 20 सालों में ऐसा पहला बार हुआ है, जब नीतीश ने किसी अन्य मंत्री को गृह मंत्रालय दिया है. इसको लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चा चल रही है. वहीं मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सीएम ने कुछ अच्छा सोचकर ही फैसला लिया होगा.
सम्राट चौधरी पर अशोक चौधरी का बयान
पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेडीयू नेता और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सम्राट चौधरी युवा हैं. हमें उम्मीद है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ वह बेहतर तरीके से काम करेंगे. वहीं गृह विभाग छोड़ने के नीतीश कुमार के फैसले पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कुछ सोचकर ही ये निर्णय लिया है.

क्या होगी आपकी प्राथमिकता?
एक बार फिर से ग्रामीण कार्य विभाग की जिम्मेदारी मिलने पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, ‘ग्रामीण कार्य विभाग जनता से जुड़ा हुआ विभाग है. सड़कों के निर्माण का काम समयबद्ध तरीके से हो जाए, ये हमारी प्राथमिकता होगी.’
सम्राट चौधरी बने गृहमंत्री?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को गृह जैसे सबसे अहम विभाग का जिम्मा दिया है. पिछली बार वह वित्त विभाग के मंत्री थे. वहीं सीएम के पास सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन समेत तमाम वैसे विभाग हैं, जो किसी को आवंटित नहीं है.













Be First to Comment