मुज़फ्फरपुर: विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को और परिणाम 14 नवंबर को आने हैं लेकिन मतगणना के पहले ही राजनेताओं ने अपनी जीत तय कर रखी है. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं कि जीतने के बाद जो फूल मालाएं विजयी प्रत्याशियों को पहनाए जाते हैं उसकी प्री-बुकिंग कर ली गई है. जिससे फूल बाजारों में भारी तेजी और रौनक देखी जा रही है.
मुज़फ्फरपुर के फूल बाजार में बढ़ी रौनक
मुज़फ्फरपुर के फूल बाजार इन दिनों रंग-बिरंगी मालाओं और गुलदस्तों से महक रहा है. जैसे जैसे मतगणना की तारीख नजदीक आ रही है, नेताओं की जीत की उम्मीद में समर्थकों ने फूलों की बुकिंग तेज कर दी है. खासतौर पर गेंदा की मालाओं की मांग इतनी बढ़ गई है कि शहर के प्रमुख फूल विक्रेताओं ने कोलकाता से विशेष ट्रकों में गेंदा मंगवाया है.

फूल मालाओं को लेकर बाजार में भारी उत्साह
फूल व्यापारी बताते हैं कि इस बार माला को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. गरीबनाथ मंदिर रोड और इमलीचट्टी के विक्रेता कोलकाता से सीधे फूल मंगवा रहे हैं, ताकि ताज़ा और बेहतर क्वालिटी की माला तैयार की जा सके. शहर में अघोरिया बाजार के कोल्ड स्टोर में गेंदा का बड़ा स्टॉक रखा गया है, ताकि मतगणना के दिन फूल ताज़ा रहें. 13 नवंबर से माला बनाने वाले कारीगरों का काम शुरू हो जाएगा और रातभर मालाएं तैयार होती रहेंगी.

पिछले कई सालों की तुलना में डिमांड ज्यादा
फूल व्यापारी बताते हैं, “इस बार गेंदा की मांग पिछले सालों से कई गुना ज्यादा है. एक माला की कीमत 20 से 50 रुपए तक है. कुछ नेताओं के समर्थक पहले से ही 100-200 माला का ऑर्डर दे रहे है.वहीं, फूल विक्रेता ने बताया, “इस बार गेंदा के साथ रजनीगंधा और गुलाब की भी अच्छी मांग है. 14 तारीख को मतगणना है, और ऑर्डर इतने मिल रहे हैं कि अभी से ही गुलदस्ते तैयार किए जा रहे हैं. एक गुलदस्ता 500 रुपए से शुरू है. पूरे फूल बाजार में इस बार लगभग 10 लाख रुपये का कारोबार होने का अनुमान है.












Be First to Comment