भोजपुर : बिहार के आरा में विधानसभा चुनाव के दूसरे दिन सुबह चौरी थाना क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. हुआ ये कि पुलिस ने दुल्लमचक गांव से दो संदिग्द युवकों की गिरफ्तारी की, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई.

हथियार सहित पकड़े गए दो युवक
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गुलजारपुर गांव के दो युवक मोटरसाइकिल से दुल्लमचक की ओर जा रहे थे. पुलिस को देखकर वो वापस भागने लगे. गांव वाले बाइक सवारों के बर्ताव को देख रहे थे. उन्होंने दोनों युवकों को पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया.
पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प
दोनों युवकों की जब तलाशी ली गई तो उनके पास से दो देसी पिस्तौल बरामद हुई. जब आरोपियों को गांव वाले पुलिस को सौंप रहे थे उस वक्त पिटाई के चलते ग्रामीण और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते मामला झड़प में बदल गया. एक पक्ष ने पुलिस पर पथराव कर दिया. चौरी थानाध्यक्ष समेत एक दारोगा और एक चौकीदार घायल हो गए.

ग्रामीणों का आरोप पुलिस ने दोनों को छोड़ा
अगियांव सर्किल इंस्पेक्टर की गाड़ी, सिकरहट्टा और चौरी थाना की पुलिस की गाड़ियां तथा कई ग्रामीणों के वाहनों को भी क्षतिग्रस्त हो गए. गांव वालों का आरोप है कि गुलजारपुर के दोनों युवक हथियार लेकर दुल्लमचक गांव में किसी पक्ष की मदद करने पहुंचे ते. गांव वालों के द्वारा पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया. जिससे लोग उग्र हो गए और पथराव शुरू कर दिया.
ग्रामीणों के हमले के दौरान दोनों फरार-SDPO
पीरो एसडीपीओ के.के. सिंह ने बताया कि पुलिस जब दोनों युवकों को लेकर आ रही थी, तभी भीड़ ने उन पर हमला कर दिया. पुलिस पर पथराव के दौरान दोनों आरोपी मौका पाकर फरार हो गए. दोनों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है.

मौके पर पुलिस ने काबू पाया
घटना की जानकारी मिलते ही पीरो एसडीपीओ के.के. सिंह, अगिआंव सर्किल इंस्पेक्टर, तथा चौरी, सहार, नरायणपुर, सिकरहट्टा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया. फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.











Be First to Comment