बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान के दौरान लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है। पहले चरण के 121 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरु हो गया है। शाम 6 बजे तक मतदान होगा है।

सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सुबह सुबह अपने बूथ पर पहुंच रहे हैं और अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं। इस बार वोटिंग केंद्रों पर खास पहल के तहत उन युवा मतदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने पहली बार मतदान किया है।

चुनाव आयोग की पहल
चुनाव आयोग की इस पहल का उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ाना है। मतदान केंद्रों पर जैसे ही कोई नया मतदाता वोट डालता है, उसे मौके पर ही प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से युवाओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति रुचि और गर्व की भावना बढ़ेगी। साथ ही, इससे अधिक से अधिक युवा आने वाले चुनावों में मतदान के लिए प्रेरित होंगे।

युवाओं में जोश
मतदान केंद्रों पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में उत्साह साफ नजर आ रहा है। कई मतदाताओं ने कहा कि सम्मानित होने से उन्हें गर्व महसूस हो रहा है और वे आगे भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित हुए हैं। राज्यभर में चल रही यह पहल बिहार में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत की जा रही है, जिसका मकसद अधिक से अधिक लोगों को लोकतंत्र के इस पर्व में शामिल करना है।











Be First to Comment