Press "Enter" to skip to content

नीलाम होगी राजपाल यादव की संपत्ति? बैंक ने घर पर नोटिस चिपकाया; एक्टर पर 16.61 करोड़ रुपये का कर्ज

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले के बाद अब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने लोन की वसूली को लेकर उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। बैंक की मुंबई शाखा की ओर से शाहजहांपुर स्थित उनकी दो संपत्तियों की नीलामी के लिए नोटिस चिपकाया गया है।

जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव पर बैंक का कुल 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये का कर्ज बकाया है। यह रकम लोन और उस पर लगने वाले ब्याज को मिलाकर बताई गई है। अभिनेता ने यह लोन अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए लिया था।

बैंक के रिकवरी अधिकारी शाहजहांपुर स्थित राजपाल यादव के पैतृक गांव पहुंचे और वहां उनकी संपत्ति पर नीलामी संबंधी नोटिस चिपकाया। बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर में राजपाल यादव की दो प्रमुख संपत्तियां हैं, जिनमें एक शहर में और दूसरी गांव में खेत व मकान के रूप में है। बैंक के मुताबिक, इन दोनों संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये है। इनकी ऑनलाइन नीलामी 9 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है।

राजपाल यादव ने लोन लेते समय अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटी के तौर पर शामिल किया था। बैंक अब नियमानुसार आगे की वसूली प्रक्रिया पूरी कर रहा है। यदि तय समय में बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता है तो संबंधित संपत्तियों की नीलामी की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है।

शाहजहांपुर के अलावा मुंबई में स्थित राजपाल यादव की संपत्तियों को लेकर भी बैंक की ओर से कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, इस मामले में अभिनेता की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि जिस कंपनी के मालिक का चेक बाउंस हुआ था, वह भी शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि राजपाल यादव इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। फिल्मी करियर की बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए थे। वे बॉलीवुड के चर्चित कॉमेडी अभिनेताओं में शामिल हैं।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from BOLLYWOODMore posts in BOLLYWOOD »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *